सहासिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा ऋषिकेश का बैराज जलाशय

ऋषिकेश। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक और पर्यटन नगरी ऋषिकेश का बैराज क्षेत्र जल्द ही साहसिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना सकता है। नगर निगम के अभिनव मॉडल पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने सकारात्मक कार्रवाई के संकेत दिए हैं। संयुक्त निदेशक पर्यटन ने जिला पर्यटन अधिकारी से इस मामले में विस्तृत आख्या के साथ प्रस्ताव भेजने को कहा है।

ऋषिकेश महापौर अनीता ममगाई द्वारा इस संदर्भ में प्रेषित किए गए पत्र का संज्ञान लेते हुए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त निदेशक विवेक सिंह चौहान ने जिला पर्यटन अधिकारी को बैराज जलाशय में वाटर स्पोर्ट्स शुरू किए जाने की बाबत पत्र लिखकर आवश्यक जानकारियां जुटाने के लिए निर्देशित किया है। नगर निगम महापौर ने बताया कि बैराज जलाशय को साहसिक पर्यटन के रूप में विकसित करने की योजना उनके चुनावी घोषणा पत्र में शामिल रही है।

इसको लेकर विगत 18 नवंबर वर्ष 2019 में बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया जा चुका है, जिसके बाद से लगातार नगर निगम प्रशासन देवभूमि ऋषिकेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के अपने अभियान के अंतर्गत प्रयासरत रहा है। इसके सार्थक नतीजे अब जमीनी धरातल पर नजर आते हुए दिखने लगे हैं।

उन्होंने बताया कि योग नगरी के रूप में समूचे विश्व में अपना विशेष स्थान रखने वाले ऋषिकेश के बैराज क्षेत्र में बोटिंग, राफ्टिंग क्याकिंग की गतिविधियां साहसिक खेलों में रुचि रखने वालों के लिए नायाब तोहफा होगी। पर्यटकों के यहां आने से व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही इसका निश्चित लाभ शहर में पर्यटन उधोग को विकसित करने में भी मिलेगा।