स्कूल और ग्राम सभा की जमीन पर दबंगों ने किया कब्जा

लक्सर: हरिद्वार के लक्सर स्थित हुसैनपुर गांव के राजकीय स्कूल की जमीन और ग्राम सभा की जमीन पर कुछ दबंगों ने बीते दिनों कब्जा कर लिया. मामले की शिकायत CM पोर्टल पर की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं.

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी मात्र खानापूर्ति करने के लिए कर दी गई है और CM पोर्टल ये रिपोर्ट लगाई गई है कि मामले में कार्रवाई हो चुकी है. जबकि अतिक्रमण आज भी जस का तस है. वहीं, उप जिलाधिकारी पूरन सिंह राणा का कहना है कि मामले का संज्ञान लिया गया है, जल्द ही मामले की जांच कराई जाएगी. अगर मामला सत्य पाया गया तो ग्राम सभा और स्कूल की जमीन से अतिक्रमण हटाया जाएगा. साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.