देहरादून के कालसी में दर्दनाक हादसा, बोलेरो खाई में गिरने से मासूम बच्ची समेत दो की मौत

  • कोटी रोड पर चालक का वाहन से नियंत्रण छूटने के बाद हुआ हादसा
  • पांच घायलों को 108 एंबुलेंस से पीएचसी कालसी पहुंचाया गया
  • मृतक और घायल नेपाल के अछाम जिले के निवासी बताए गए

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोटी रोड पर धमोग मंदिर के पास हिमाचल प्रदेश से विकासनगर आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। इसके बाद अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से विकासनगर जा रही बोलेरो संख्या HP01A8028 धमोग मंदिर के पास चालक के नियंत्रण से बाहर होकर खाई में गिर गई।

हादसे के बाद एसडीआरएफ और कालसी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में सवार सभी सात लोगों को खाई से बाहर निकाला। इनमें पांच लोग घायल मिले, जिन्हें 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया गया। वहीं, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में मासूम बच्ची शामिल

हादसे में नरबहादुर (लगभग 52 वर्ष) और दो वर्षीय राधिका की मौत हो गई। दोनों नेपाल के अछाम जिले के ढकारी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

ये पांच लोग हुए घायल

घायलों में बोलेरो चालक चमन लाल (45 वर्ष), निवासी ग्यारी, थाना चड़गांव, जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश), डम्मल (32 वर्ष), नीशा (14 वर्ष), उर्मिला (30 वर्ष) और प्रदीप (5 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी नेपाल के अछाम जिले के निवासी बताए गए हैं।

एसडीआरएफ और कालसी पुलिस की तत्परता से सभी सात लोगों को खाई से बाहर निकालकर राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया। हादसे में दो लोगों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।