- नायक राजेश रावत और नायक सौरभ नेगी के परिवारों से की मुलाकात
- हादसे में जवानों की पत्नी और बच्चों की भी हुई थी दर्दनाक मौत
- मंत्री ने कहा- दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है
कोटद्वार: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को कोटद्वार पहुंचकर गुजरात के कच्छ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले द्वितीय गढ़वाल राइफल्स के जवान नायक राजेश सिंह रावत और नायक सौरभ सिंह नेगी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने नायक नितिन गुसाईं से भी भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उल्लेखनीय है कि इस हादसे में कोटद्वार के ध्रुव विहार निवासी नायक सौरभ नेगी (31), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की बेटी शिविका की मृत्यु हो गई थी। वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) और उनकी चार वर्षीय बेटी वमिका तथा नायक राजेश रावत और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता भी हादसे में जान गंवा बैठे थे।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और हृदयविदारक है। विशेषकर मासूम बच्चों और परिवार के सदस्यों का असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों के सम्मान, कल्याण एवं हितों के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस दौरान कोटद्वार के मेयर शैलेंद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।