सनातन चिंतन में विश्व को दिशा देने की क्षमता, गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी समारोह में बोले मोहन भागवत

  • हरिद्वार में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच समारोह का विधिवत शुभारंभ
  • आंवलखेड़ा, मथुरा और हरिद्वार से जनजागरण यात्रा के बाद पहुंचे पवित्र कलश
  • 40 देशों के प्रतिनिधियों और संतों की मौजूदगी में डाक टिकट का विमोचन

हरिद्वार: वैदिक मंत्रोच्चार, बैंड और शंखनाद के बीच तीन पवित्र कलशों के समारोह स्थल पर पहुंचने के साथ अखिल विश्व गायत्री परिवार के जन्मशताब्दी समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ। ये कलश गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा (आगरा), तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि हरिद्वार से जनजागरण यात्रा के बाद समारोह स्थल पहुंचे। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने मंगल आरती कर कलशों का स्वागत किया। इस अवसर पर डाक टिकट का विमोचन भी किया गया।

समारोह की अध्यक्षता गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने की, जबकि मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत रहे।

अपने संबोधन में डॉ. भागवत ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए सौ वर्ष की यात्रा पूरी करना आसान नहीं होता। अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन को आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती है। ईश्वरीय कार्यों के संचालन के लिए भगवान योग्य व्यक्तियों और संगठनों को जिम्मेदारी सौंपते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन को लेकर किसी प्रकार की शंका या चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। आज पूरा विश्व अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है और उनके समाधान के लिए भारत की ओर देख रहा है। भारतीय संस्कृति और सनातन चिंतन में मानवता को दिशा देने की क्षमता है।

उन्होंने कहा कि निरंतर सेवा और समर्पण से ही किसी संगठन को समाज का विश्वास और समर्थन मिलता है। कार्यकर्ताओं से हनुमान जी के सेवाभाव और समर्पण को आदर्श बनाकर सनातन संस्कृति एवं समाज निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने इसे ऐतिहासिक और सौभाग्यशाली अवसर बताया। उन्होंने परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के तप, त्याग, साधना और समाज निर्माण के लिए किए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अश्वमेध महायज्ञों का संचालन उनकी अद्भुत संगठन शक्ति और संकल्प का परिचायक है।

इससे पूर्व जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि किसी संस्था की वास्तविक पहचान उसके भवन और संसाधनों से नहीं, बल्कि उससे जुड़े लोगों के चरित्र, साधना, समर्पण और जीवन मूल्यों से होती है।

समारोह में श्रीहरि सेवा धाम के प्रमुख स्वामी हरिचेतनानंद, आर्ष विद्या मंदिर के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद और सूरतगिरि बंगला के प्रमुख स्वामी विश्वेश्वरानंद सहित अन्य संतों ने आशीर्वचन दिए। डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अतिथियों को गायत्री महामंत्र लिखित चादर, रुद्राक्ष माला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भारत सहित 40 देशों से पहुंचे गायत्री परिवार के सदस्यों और जिला प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति रही।