- जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा
- श्रद्धालुओं की सुविधाओं और गुणवत्ता को प्राथमिकता देने को कहा
रुद्रप्रयाग: जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर (KDA) के अंतर्गत संचालित पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि केदारनाथ धाम में संचालित सभी पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के साथ ही निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए यहां संचालित विकास कार्यों में गुणवत्ता, सुव्यवस्थित निर्माण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा सके।
इस दौरान उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।