देहरादून: चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 35 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन को सामान्य चोटें आई हैं।
हादसा सहिया से पहले लालपुल के पास हुआ। दुर्घटना के समय टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 में तीन पुरुष और दो महिलाएं सवार थे।
जानकारी के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरी हुई थी और उसमें सवार लोग घायल अवस्था में फंसे थे।
एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। जवान खाई में उतरकर घायलों तक पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान रोहन कुमार (23), निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26), निवासी रोहिणी दिल्ली, अभिषेक (26), निवासी नोएडा, शिवानी सिंह (22) और प्रिन्स राज (22), दोनों निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।