- एमडी बनकर WhatsApp पर कंपनी के जनरल मैनेजर से कराया था रकम ट्रांसफर
- मोबाइल-लैपटॉप समेत दस्तावेज बरामद
देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने एक बड़ी साइबर ठगी मामले में वांछित आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान चंद्र कांत मिश्रा, निवासी ग्रीन फील्ड सिटी, महेशतल्ला, कोलकाता के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एचपी कंपनी का एक लैपटॉप बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर का रोल निभाते हुए व्हाट्सएप के जरिए कंपनी के जनरल मैनेजर से संपर्क किया। प्रोजेक्ट के एडवांस भुगतान और अन्य जरूरी रकमों के नाम पर उसे विश्वास में लेकर अलग-अलग बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर करवाई गई, जिसमें श्याम ट्रेडिंग कंपनी के खाते में भी रकम जमा कराई गई। इस तरह फर्जी पहचान और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर करीब 3.20 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी एसटीएफ ने साइबर टीम को तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने लगातार प्रयासों के बाद कोलकाता पहुंचकर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। लैपटॉप में मिले आधार-पैन की प्रतियां, बैंक लोन आवेदन, विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं से संबंधित एडिटेबल दस्तावेज समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी से ठगी की रकमों के लेन-देन और अन्य सहयोगियों की भूमिका के बारे में पूछताछ की जा रही है। मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किया जा चुका है, जबकि साइबर अपराध नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जांच जारी है।