₹300 में एक साल तक मोबाइल रिचार्ज महंगा होने की चिंता खत्म, जियो प्राइम लॉन्च

  • जियो का ऐलान जारी रहेगा ₹299 वाला प्लान
  • 20 अगस्त से मिलेगी सदस्यता, प्लान की कीमत 5 सितंबर 2027 तक होगी लॉक
  • प्लान बदलने की भी आजादी, प्रीपेड-पोस्टपेड और नए ग्राहक सभी ले सकेंगे प्राइम

मुंबई: रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को मोबाइल रिचार्ज के बढ़ते खर्च से राहत देने के लिए एक नई पहल करते हुए ‘जियो प्राइम’ सदस्यता का ऐलान किया है। मात्र ₹300 की एकमुश्त सदस्यता लेकर ग्राहक अपने मौजूदा जियो प्लान की आज की कीमत को 5 सितंबर 2027 तक लॉक कर सकेंगे। इसका सीधा मतलब यह है कि पूरे सदस्यता काल के दौरान यदि कीमतें बढ़ती भी हैं, तब भी प्राइम मेंबर्स अपने प्लान को मौजूदा दरों पर ही रिचार्ज कर पाएंगे। 20 अगस्त से शुरू हो रही यह सदस्यता MyJio ऐप, Jio.com और जियो स्टोर्स पर उपलब्ध होगी, जिसे प्रीपेड, पोस्टपेड और नए ग्राहकों के साथ-साथ नंबर पोर्ट कराने वाले उपभोक्ता भी ले सकेंगे। इसमें किसी एक प्लान से बंधे रहने की बाध्यता नहीं होगी और ग्राहक अन्य प्लान्स पर भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।जियो प्राइम की यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब टेलीकॉम सेक्टर में दरों को लेकर सरगर्मी तेज है। हाल ही में एयरटेल ने अपने पोर्टफोलियो में बदलाव करते हुए ₹299 वाला लोकप्रिय प्लान हटा दिया है, जिसके बाद उनके पास 28 दिन की डेली-डेटा कैटेगरी में ₹349 का शुरुआती विकल्प ही बचा है। वहीं, जियो ने स्पष्ट किया है कि उसका लोकप्रिय ₹299 वाला प्लान जारी रहेगा। इसके अलावा, जियो प्राइम लेने पर ग्राहकों को ₹600 के दो कैशबैक वाउचर (जियोहोम/जियोPC और नए सिम कनेक्शन पर ₹300-₹300), नए जियो प्रोडक्ट्स का अर्ली एक्सेस और प्रायोरिटी कस्टमर सपोर्ट जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी मिलेंगी।