- भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के लिए बनेगा हाई-लेवल सेल,
- दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी के निर्देश,
- बुजुर्गो की फरियाद पर डीएम का त्वरित एक्शन, अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश
- फास्ट ट्रैक समाधान की दिशा में बड़ा कदम, समाधान दिवस में 132 शिकायतों पर कार्रवाई
देहरादून: जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए अब हर सोमवार को ‘समाधान दिवस’ आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनता की सभी शिकायतों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिससे शिकायतों की रियल टाइम ट्रैकिंग और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 132 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, सड़क, पुलिया, फसल क्षति और किरायेदारी संबंधी शिकायतें प्रमुख थीं।
भूमि विवादों की अधिक संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर एक उच्च स्तरीय विशेष सेल गठित करने के निर्देश दिए। इस सेल के माध्यम से भूमि सीमांकन, कब्जा, अतिक्रमण और अन्य राजस्व मामलों का फास्ट ट्रैक मोड में निस्तारण किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का पूरा डेटा तैयार किया जाए और उनकी विशेष निगरानी रखी जाए। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को प्रसव से पहले सुरक्षित अस्पताल में भर्ती कराने और अस्पतालों में टोकन व्यवस्था लागू करने के भी निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में 89 वर्षीय पूर्व सैनिक राधेश्याम ने किरायेदार द्वारा मकान खाली न करने और धमकी देने की शिकायत की, जिस पर डीएम ने संबंधित पुलिस अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार बुजुर्ग भरत भूषण मित्तल की निजी संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर को तत्काल एक्शन लेने को कहा गया।
ग्राम कुंजा ग्रांट में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण, ओलावृष्टि से फसल क्षति, स्कूल फीस जमा न कर पाने वाली मुस्कान की समस्या, विधवा महिलाओं की आर्थिक सहायता, जनजातीय क्षेत्रों में एंबुलेंस सेवा और देहरादून-डोईवाला मार्ग पर इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जैसी कई अन्य शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को स्वतः संज्ञान लेकर नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।
समाधान दिवस के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, विभिन्न एसडीएम, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।