रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। 22 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के 22वें दिन तक 5 लाख 23 हजार 582 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। शुरुआती दिनों से ही भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं सराहनीय रही हैं, जिससे यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पैदल मार्ग पर विश्राम स्थलों, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। केदारनाथ धाम परिसर में स्वच्छता, आवास और आपातकालीन सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों के समन्वित प्रयासों से यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने में सफलता मिल रही है।
देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस बार की व्यवस्थाओं की खुलकर तारीफ कर रहे हैं। पंजाब के रोपड़ से आए दिवाकर ने कहा कि प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं बेहद उत्कृष्ट हैं और दर्शन बिना किसी परेशानी के हो गए। अहमदाबाद से आई माही ने कहा कि व्यवस्थाएं उनकी अपेक्षा से कहीं बेहतर हैं, जबकि कुणाल चावला ने कहा कि इतनी चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में भी जिला प्रशासन ने शानदार तैयारी की है।
यात्रा अभी लंबी है और प्रशासन आने वाले दिनों में और भी अधिक श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पूरी सतर्कता बरत रहा है।