रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “बम बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे और ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
कपाट खुलने के मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान के साथ संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा अर्पित की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारों धाम राज्य की आध्यात्मिक पहचान हैं और सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और उत्तराखंड निरंतर प्रगति करता रहे।