ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस की शातिर बदमाश के साथ मुठभेड़, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: देहरादून पुलिस के ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान देर रात एक शातिर बदमाश के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी को आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार मध्य रात्रि कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि हर्रावाला क्षेत्र के पीली कोठी के पास एक संदिग्ध सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UK08TA-9193) घूम रही थी। सूचना पर चौकी हर्रावाला की टीम मौके पर पहुंची तो चालक पुलिस को देखते ही कार लेकर हाईवे की ओर भाग निकला। बैरियर पर रोकने की कोशिश के बावजूद आरोपी ने स्लाइडिंग बैरियर को टक्कर मारते हुए हरिद्वार की ओर तेज रफ्तार से फरार होने की कोशिश की।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सभी चेक पोस्ट अलर्ट कर दिए गए और पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। कुआंवाला से करीब एक किलोमीटर आगे आरोपी की कार हाईवे किनारे लगे एनएच बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद आरोपी कार छोड़कर जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। मौके से उसके कब्जे से एक 315 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

घायल आरोपी की पहचान क्रान्तानाथ (26 वर्ष), निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। उसे तुरंत दून चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। एसएसपी देहरादून भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले से ही डोईवाला और रानीपोखरी थानों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस पर फायरिंग करने और अवैध हथियार बरामद होने के आधार पर डोईवाला कोतवाली में उसके खिलाफ नया मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *