देह व्यापार का खुलासा, दो महिलाओं सहित चार गिरफ्तार

  • हरियावाला क्षेत्र में छापेमारी, लापता किशोरी सकुशल बरामद
  • सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि, गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में नाबालिग से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर लापता किशोरी को सकुशल बरामद किया और गिरोह में शामिल दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मई 2025 से लापता थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, किशोरी मई 2025 से लापता चल रही थी। 3 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि उसे हरियावाला क्षेत्र स्थित एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली आईटीआई प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी में चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से किशोरी को मुक्त कराया और आरोपी जाहिद, शिवम, शोभा एवं सोमा को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने किशोरी को लंबे समय तक अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा और उससे जबरन अनैतिक कार्य कराए।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 65(1), 140(3), 143(1), 127(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही पॉक्सो एक्ट की धाराएं 5/6 भी आरोपियों पर लगाई गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *