होली से पहले दून में बवाल, गुब्बारे फेंकने पर दो गुटों में भिड़ंत, मुकदमा दर्ज  

देहरादून: राजधानी देहरादून के चकराता रोड पर होली पर विवाद हुआ है। जहां रंगों से भरे गुब्बारे फेंकने से दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में कई युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजधानी देहरादून में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट में बदल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार यह घटना चकराता रोड स्थित एक मोबाइल शॉप के पास की बताई जा रही है। यहां दीपक अपने दोस्त अक्षय के साथ खड़ा था। इसी दौरान लूनिया मोहल्ला निवासी मन आनंद वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बीच पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

शुरुआती बहस कुछ ही मिनटों में उग्र हो गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शोर-शराबा बढ़ता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली नगर पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। होली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की जबरदस्ती, हुड़दंग या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और त्योहार का माहौल खराब न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *