देहरादून: उत्तराखंड में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। सेवानिवृत्ति से महज दो दिन पहले प्रभारी प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल को निदेशक पद पर पदोन्नत कर दिया गया है। इसके साथ ही विभाग के पांच संयुक्त निदेशकों को भी अपर निदेशक पद पर प्रमोशन दिया गया है। इस संबंध में आदेश शिक्षा सचिव रवीनाथ रामन द्वारा जारी किए गए हैं।
निदेशालय में हुआ विवाद
इस पदोन्नति के बीच हाल ही में राजधानी देहरादून स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुआ विवाद भी काफी चर्चा में रहा। निदेशक अजय कुमार नौडियाल और रायपुर से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ के बीच कथित मारपीट और तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया था। घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए, जिनमें निदेशक के कक्ष में बहस, धक्का-मुक्की और कुर्सियां फेंके जाने जैसे दृश्य दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और प्रदेशभर में इसकी चर्चा होने लगी।
फिलहाल अजय कुमार नौडियाल की पदोन्नति के साथ यह प्रकरण प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
