- ग्रामीण उत्पादों के भंडारण व विपणन को मिलेगा नया मंच
- REAP परियोजना समीक्षा में युवाओं के पर्यटन प्रशिक्षण
- मिलेट्स सीड बैंक व इको-टूरिज्म पर जोर
देहरादून: ग्राम्य विकास के सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने हाउस ऑफ हिमालय के वेयरहाउस का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह वेयरहाउस ग्रामीण उत्पादकों के उत्पादों के भंडारण एवं विपणन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह पहल स्थानीय उद्यमों को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगी।सचिव की अध्यक्षता में IFAD के सहयोग से संचालित ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परियोजना की प्रगति का आकलन करते हुए आगामी कार्यान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार से जोड़ने हेतु टूरिस्ट गाइड, पर्वतारोहण आदि विषयों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।
पर्वतीय क्षेत्रों में मिलेट्स, विशेषकर कोंणी, चिणा, मडुवा एवं झंगोरा जैसी फसलों के संरक्षण के लिए कृषि विभाग के सहयोग से सीड बैंक स्थापित किए जाएं।
इसके साथ ही मिलेट्स क्लस्टरों को चिन्हित कर जैविक प्रमाणीकरण को बढ़ावा देने तथा पर्यटन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए इको-टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।
