बदहाल सड़क पर बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा निकलने पर 200 कांग्रेसियों पर मुकदमा दर्ज

हरिद्वार के ढंडेरा-लक्सर बदहाल मार्ग पर स्वतंत्रता दिवस पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा निकालकर केंद्र और राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गड़्ढों से पता चल रहा है कि डबल इंजन की सरकार है। बदहाल सड़कों पर जनता मर रही है, लेकिन सरकार को कोई चिंता नहीं है। बेरोजगार परेशान हैं, लेकिन सरकार को तो शराब की दुकानों की चिंता है।

रविवार को देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री और तीन विधायकों समेत 200 कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को रुड़की पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ढंडेरा में बैलगाड़ी पर सवार हुए। उनके साथ जिले के तीन कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन, फुरकान अहमद और ममता राकेश के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।