राजनाथ सिंह ने थपथपाई त्रिवेंद्र सरकार की पीठ, की जमकर तारीफ

देहरादून (नेटवर्क 10 संवाददाता)।  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तरखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की तारीफ की और उनकी पीठ थपथपाई। दरअसल ये सब हुआ बीजेपी की वर्चुअल रैली के दौरान। इस रैली को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संबोधित किया। उत्तराखंड जन संवाद नाम की इस वर्चुअल रैली की जरिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की एक वर्ष की उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड के बारे में भी बहुत कुछ कहा और त्रिवेंद्र सरकार के कामों की तारीफ की।

रैली के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड परिश्रम और पराक्रम की धरती है। राजनाथ सिंह ने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाए जाने, अटल आयुष्मान योजना, केदारनाथ पुनर्निर्माण, इन्वेस्टर्स समिट को लेकर त्रिवेंद्र रावत सरकार की खूब तारीफ की। उन्होंने 2017 के चुनावी घोषणा पत्र के 85 फीसदी वादे पूरे किए जाने पर भी त्रिवेंद्र सरकार की पीठ थपथपाई और कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड की सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए बहुत ही अच्छे तरीके से काम कर रही है।

रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों का बखान किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का महत्वपूर्ण तरीके से जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने राम मंदिर निर्माण, सीएए, तीन तलाक या एनआरसी जैसे फैसलों के लिए भी मोदी सरकार की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि और वीरभूमि है। परिश्रम और पराक्रम की यह धरती है। जब राज्य का गठन हुआ तो वह संयुक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उत्तराखंड के हर क्षेत्र में उन्हें जाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के दौरान राजधानी गैरसैंण हो ये मांग उठी थी। अब त्रिवेंद्र सरकार ने इसे ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया है।