ऋषि कपूर के वो आखिरी पल, अंतिम वक्त तक डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का मनोरंजन करते रहे…

मुंबई (नेटवर्क 10 संवाददाता)। हर दिल अजीज और जिंदादिल अभिनेता ऋषि कपूर ने भले ही दुनिया को अलविदा कह दिया लेकिन उनके चाहने वालों के दिल में वे हमेशा जिंदा रहेंगे। वे आखिरी पलों तक जिंदादिली से जीते रहे। इस बारे में उनकी पत्नी नीतू कपूर ने बताया। नीतू ने एक संदेश के जरिए बताया है कि ऋषि अपने जीवन के आखिरी वक्त तक डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के साथ हंसी मजाक करते रहे। उन्होंने अपने मैसेज में बताया कि ‘‘दो साल तक ल्यूकेमिया से जंग के बाद हमारे प्यारे ऋषि कपूर का आज सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर निधन हो गया। अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने कहा कि वे आखिर तक उनका मनोरंजन करते रहे।’’

चंदनवाड़ी में किया गया अंतिम संस्कार

सिने अभिनेता ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर किया गया।  अंतिम संस्कार के मौके पर उनकी बेटी रिद्धिमा नहीं पहुंच पाई हालांकि लॉकडाउन के चलते उनको पिता की अंतिम यात्रा में शामिल होने का पास मिल चुका था। ये बड़े दुख की बात रही कि उनकी सबसे लाडली बेटी को उनके अंतिम दर्शन तक का मौका नहीं मिल पाया।

बेटी को मिली दिल्ली से मुंबई जाने की अनुमति

ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में उनके बेटे रणबीर कपूर, पत्नी नीतू समेत करीब 24 लोग मौजूद थे। उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी दिल्ली में हैं, लेकिन गृह मंत्रालय से उन्हें मुंबई जाने की मंजूरी मिल गई है। हालांकि, पहले डीजीसीए से चार्टर प्लेन से जाने के लिए मंजूरी मांगी गई थी, जो नहीं मिल सकी। इसलिए अब बताया जा रहा है कि रिद्धिमा 1400 किमी का सफर सड़क के रास्ते तय करेंगी। इसलिए पिता के अंतिम संस्कार तक मुंबई नहीं पहुंच सकीं।

अंतिम संस्कार में ये लोग हुए शामिल 
ऋिष कपूर के अंतिम संस्कार में नीतू कपूर और रणबीर के अलावा करीना कपूर, अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी, आलिया भट्ट, रीमा जैन, मनोज जैन, आदर जैन, अनीशा जैन, विमल पारीख, डॉ. टंडन और राहुल रवैल मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *