भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से दी करारी मात, हार्दिक पांड्या ने छक्का मारकर दिलाई शानदार जीत

दुबई: दुबई में खेले गए एशिया कप के दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया है। भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पंड्या ने पहले शानदार गेंदबाजी की. इसके बाद बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करके एशिया कप में (Asia Cup 2022) भारत को पहली जीत दिलाई।

पाकिस्तान ने पहले खेलने के बाद 147 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया ने अंतिम ओवर में सिर्फ 5 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया। हार्दिक पांड्या ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई।

भारत की इस जीत के हीरो रहे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या। हार्दिक ने पहले गेंदबाजी में तीन विकेट चटकाए और फिर बल्लेबाजी में चार चौकों औक एक छक्के की मदद से नाबाद 33 रन बनाए। वह जब बैटिंग के लिए आए थे तो भारत ने 15वें ओवर में सिर्फ 89 रनों पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे।

पीएम नरेंद्र मोदी ने टीम को दी बधाई…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को जीत की बधाई देते हुए कहा कि टीम ने जबर्दस्त कौशल और धैर्य का प्रदर्शन किया। मोदी ने जीत के मिनटों बाद ही ट्वीट में कहा, ‘टीम इंडिया ने आज एशिया कप 2022 के मैच में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने जबर्दस्त कौशल और धैर्य का प्रदर्शन किया। उन्हें जीत पर बधाई।’