उत्तराखंड: गर्भवति पत्नी को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक उतारा मौत के घाट

हल्द्वानीः उत्तराखंड के हल्द्वानी से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ रही है।देर रात बनभूलपुरा में एक गर्भवती महिला को तीसरी मंजिल से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई। इस दौरान महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि महिला पांच माह की गर्भवती थी। इस घटना में पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को हिरासत में लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार मूलरूप से यूपी के मल्लानगर थाना विनावर बदायूं निवासी कुलदीप अपनी 21 साल पत्नी मंजू देवी व तीन साल की बेटी के साथ उत्तर उजाला बनभूलपुरा में किराये पर रहता है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि कुलदीप मजदूरी करता था। मंगलवार की देर शाम वह कमरे में पहुंचा। पड़ोसी भगवान दई ने उन्हें बताया कि दिन में उसकी पत्नी से मिलने के लिए कोई अंजान युवक आया था। इससे पहले भी युवक उसकी गैरमौजूदगी में घर आ चुका है।

जिसके बाद यह बात सुनकर कुलदीप अपने ससुराल हरिपुर सूखा मुखानी पहुंचा। इसके बाद वह अपनी सास कलावती, ससुर खेमकरन और साले सतवीर को लेकर कमरे में पहुंचा। वहां कुलदीप ने भगवान दई से बातचीत कराई। तभी मंजू व भगवान दई के बीच कहासुनी हो गई। थोड़ी देर में जबर्दस्त हंगामा हो गया।

आरोप है कि वाद-विवाद के दौरान ही भगवान दई, उसके पति आशा राम व बेटे सुमित और अमित ने मंजू को तीसरी मंजिल से धक्का दे दिया। इस दौरान जमीन पर गिरते ही मंजू की मौत हो गई। इस मामले में एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। चारों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं तीन साल की मासूम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में कोहराम मचा है।