उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: इस बार शाम 6 बजे तक होगी वोटिंग, आपराधिक छवि वाले प्रत्याशियों के बारे में अखबार में देनी होगी जानकारी

देहरादून: आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों के लिए निर्वाचन आयोग ने एक घंटे का समय बढ़ाया है। जिसके बाद अब सुबह 8:00 बजे शाम 6:00 बजे तक मतदान होगा। वहीं इस बार चुनाव में पांच बूथ केवल दिव्यांगों के लिए बनाए जाएंगे। जिसमें सारा स्टाफ भी दिव्यांग ही रहेगा। चुनाव के दौरान पूरे राज्य में 66 हजार 700 वॉलंटियर्स दिव्यांग मतदाताओं की मदद करेंगे। इसके साथ ही राज्य में 100 महिला बूथ बनाए जाएंगे। जिसमें पूरा महिला स्टाफ रहेगा। यह जानकारी शुक्रवार को देहरादून में आयोजित निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा की प्रेस वार्ता में दी गई।

25 मार्च 2022 को पूरा हो रहा है उत्तराखंड सरकार का कार्यकाल-
इस दौरान बताया गया कि इन विधानसभा चुनावाें में 80 वर्ष से ऊपर के जो बुजुर्ग या महिलाएं पोलिंग बूथ पर वोट डालने नहीं आ सकते वह घर से ही वोट डाल सकेंगे। इसके लिए बीएलओ मतदाताओं के घर जाएंगे और पोस्टल बैलट के द्वारा वोट डलवाएंगे। इसकी पूरी वीडिया रिकॉर्डिंग की जाएगी। सुशील चंद्रा ने प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तराखंड में 25 मार्च 2022 को सरकार का कार्यकाल पूरा हो रहा है। प्रदेश के 70 विधानसभा क्षेत्रों में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव करवाए जाएंगे, इसके लिए चुनाव आयोग पूरी तरह से तैयार है। कोविड सेव पोलिंग बूथ का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान मास्क, सैनिटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मतदान होगा। कहा कि उन्होंने राज्य में छह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। राजनीतिक दलों ने निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की गई है। कोविड-19 को लेकर भी राजनीतिक दलों से चर्चा की गई है। वहीं चुनाव में एनफोर्समेंट को लेकर इनकम टैक्स, पुलिस और जिलाधिकारियों से बात हुई। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ भी बैठक की गई।

इस बार उत्तराखंड में 81.4 लाख वोटर हैं और 66 हजार से ज्यादा दिव्यांग वोटर हैं। सर्विस मतदाता 93 हजार से ज्यादा हैं। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए इस बार पोलिंग बूथ बढ़ाए जाएंगे। कोविड-19 के चलते इस बार 12 सौ वोटर का पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। उत्तराखंड में 11647 पोलिंग स्टेशन हैं। इस बार 623 नए पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सभी पोलिंग बूथ पर ईवीएम के साथ वीवीपैट लगाए जाएंगे।

राजनीतिक पार्टियों को अपनी वेबसाइट और अखबारों में अपराधिक छवि वाले चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को अपने बारे में बताना होगा। इस दौरान निर्वाचन आयोग ने सभी नागरिकों से अपील की कि इलेक्शन में अगर कुछ भी गलत हो रहा है उसकी फोटो खींचकर इलेक्शन कमिशन को भेजें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *