नैनीताल में सलमान खुर्शीद के घर में आगजनी

नैनीताल। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सलमान खुर्शीद की किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक बयानों में दिखने वाली आग उनके घर तक पहुंच गई है। नैनीताल में उनके घर पर सोमवार को आग लगा दी गई। पत्थरबाजी की गई। इसकी जानकारी स्वयं सलमान खुर्शीद ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दी। इसके बाद से मामले ने अलग मोड़ ले लिया है।
सलमान खुर्शीद के घर पर हमले का आरोप भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि उपद्रवियों के हाथ में बीजेपी का झंडा था। वे सांप्रदायिक नारे लगा रहे थे। खुर्शीद के घर पर जिस समय हमला हुआ, संयोग से परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था। इस घटना में किसी के घायल होने की बात अब तक नहीं कही जा रही है। वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं, सलमान खुर्शीद ने घर पर हुए हमले का वीडियो पोस्ट सोशल मीडिया पर करते हुए लिखा कि यह तो हिंदुत्व नहीं हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस
घर पर हमला होने के बाद सलमान खुर्शीद की ओर से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने उनके घर पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। आग को बुझा दिया गया। उनके घर के बाहर पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिदुत्व की तुलना आतंकी संगठन से करने पर भड़का गुस्सा

किताब में हिंदुत्व की तुलना आतंकवादी संगठन आईएसआईएस व बोको हरम से किए जाने के मामले में वे हिंदुत्वादी संगठन और भारतीय जनता पार्टी के निशाने पर आ गए हैं। उनकी किताब जब से सामने आई है, राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस घटना के बाद से राजनीतिक बयानबाजी बढ़ने और मामला गरमाने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *