सीएम धामी एवं केंद्रीय मंत्री नकवी ने किया हुनर हाट मेले का उद्घाटन

देहरादून: राजधानी देहरादून में आज केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी पहुंचे हुए हैं। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ ने 30वें हुनर हाट का शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल में शुभारंभ किया है। ये हुनर हाट आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने को लेकर आयोजित किया गया है। जो आगामी 7 नवंबर तक जारी रहेगा। मेले में स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा और ऑर्गेनिक उत्पादों देखने को मिलेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार देश के 75वें आजादी अमृत उत्सव कार्यक्रम के तहत 30वें हुनर हाट का देहरादून के बन्नू स्कूल में शुभारंभ हो गया है। हुनर हाट का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उद्घाटन किया। हुनर हाट में प्रदेश और अलग-अलग राज्यों से आए हुनरमंद लोगों ने अपने स्टाल के माध्यम से अपने द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। साथ ही इसके अलावा मेले में आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़े क्रियाकलापों का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं, इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, सांसद नरेश बंसल भी मंच पर मौजूद रहे।

हुनर हाट मेले में 30 से अधिक राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों से 500 से अधिक हस्त शिल्पकारों एवं हुनरमंदों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री के साथ विश्वकर्मा वाटिका एवं विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। 75वें आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के जनजातीय क्षेत्रों में अनेक हुनरमंद लोग हैं। उन्होंने केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी से अनुरोध किया कि इन हुनरमंद लोगों के लिए अपने उत्पादों के लिए बाजार मिल सके इसके लिए केन्द्र से कोई योजना बनाई जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उत्तराखण्ड पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य में पर्यटन को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ी है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *