भाजपा में शामिल हुए भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, कांग्रेस से बागवत कर निर्दलीय लड़ा था चुनाव

नई दिल्ली: भीमताल के निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी और उत्तराखंड प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मदन कौशिक ने विधायक राम सिंह खेड़ा को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

भाजपा में शामिल होने के बाद राम सिंह कैड़ा  ने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह अपने कार्यकर्ताओं को जोड़े रखती है। इसी लिए कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में मतभेद जैसी कोई बात सामने नहीं आती है। कैड़ा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद वह पार्टी के कार्यकर्ताओं का वैसे ही सम्मान करेंगे, जैसे वह निर्दलीय विधायक रहते हुए अपने समर्थकों का करते आए  हैं।

2017 में भीमताल विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक बने राम सिंह कैड़ा ने अपनी विधानसभा में विकास कार्यों के लिए अपने चार सालों में भाजपा के साथ तालमेल बनाए रखा। वहीं इस मौके पर मदन कौशिक व अनिल बलूनी ने कहा कि राम सिंह कैड़ा के विधायक के रूप में कार्यों की प्रशंसा अक्सर उनके विधानसभा क्षेत्र के लोग करते रहे हैं। बीजेपी में आकर वह बीजेपी को मजबूत करने का काम करेंगे।