मुख्यमंत्री ने किया ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

ऋषिकेश (नेटवर्क 10 संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना के पहले स्टेशन योग नगरी ऋषिकेश का निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री रेल विकास निगम के बाईपास मार्ग स्थित कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने परियोजना के अधिकारियों से चर्चा की और उन्हें जरूरी निर्देश दिए।

आपको बता दें कि अलग-अलग फेस में अब तक करीब 14 किलोमीटर से अधिक रेल टनल का निर्माण किया जा चुका है। परियोजना के अधिकारियों ने सीएम को बताया कि परियोजना के सभी पैकेज पर तेजी से काम जारी है। पैकेज-4 में सबसे लंबी रेल टनल बनाई जानी है, जिसके लिए टीवीएम तकनीकी का उपयोग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्धारित समय पर काम पूरे करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री गुलर (दोगी) क्षेत्र में चल रहे परियोजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। मुख्यमंत्री धामी ने रेल परियोजना के तहत बनाई जा रही टनल्स का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परियोजना का काम तय समय पर पूरा कर लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम सड़क परियेजना के साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियेजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उत्तराखण्ड को बड़ी देन है। वह समय दूर नहीं, जब पहाड़ में रेल का सपना पूरा होगा। इससे राज्य की आर्थिकी में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।  ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2024 तक परियोजना को पूर्ण किए जाने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। अभी तक परियोजना में अपेक्षानुरूप गति से काम हुआ है। ऋषिकेश के बाद परियोजना मुख्यतः अंडरग्राउंड है। भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है। इस रेल लाईन पर 12 स्टेशन और 17 टनल बनाये जा रहे हैं। काम निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सके, इसके लिए विभिन्न स्थानों पर एक साथ काम चल रहा है। एप्रोच रोड़ पहले ही बनाई जा रही हैं। रेल परियोजना के निर्माण में राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।बडोनी ने बताया कि रेल विकास निगम द्वारा अनेक जनकल्याणकारी काम किए जा रहे हैं।

श्रीनगर में 52 बेड का संयुक्त चिकित्सालय बनाया जा रहा है। ऑक्सीजन प्लांट भी बनाए गए हैं। रेल परियोजना की बेल्ट को हॉर्टीकल्चर और हनी बेल्ट के रूप  में विकसित किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।बैठक में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सचिव आर मीनाक्षी सुन्दरम, रनजीत सिन्हा, रेल विकास निगम के अपर महाप्रबंधक विजय डंगवाल, वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक ओमप्रकाश मालगुडी, अपर महाप्रबंधक सुमित जैन, अन्य अधिकारी उपस्थित थे।   मुख्यमंत्री ने योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन और गुल्लर डोगी, टिहरी में परियोजना के तहत बनाई जा रही टनल का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *