श्रीनगर गढ़वाल (नेटवर्क 10 संवाददाता)। शुक्रवार को बीजेपी की जनआशीर्वाद रैली के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर नगर पालिका को उच्चीकृत कर नगर निगम बनाने की घोषणा की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां 9.35 करोड की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
शुक्रवार को श्रीनगर के रामलीला मैदान में भाजपा की जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति करती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही श्रीनगर के राजकीय इंटर कालेज और राजकीय बालिका इंटर कालेज में स्मार्ट कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतपुली में झील निर्माण, बीरोंखाल में पॉलीटेक्निक में नए ट्रेड खोलने, चौबट्टाखाल महाविद्यालय में नए विषयों की स्वीकृति के साथ ही ज्वाल्पा-नौगांवखाल पंपिंपग पेयजल योजना की भी घोषणा की। धामी ने कहा कि श्रीनगर में पंचपीपल से स्वीत पुल तक मैरीन ड्राइव तैयार होने के बाद पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। रैली उमड़े जन सैलाब से अभिभूत मुख्यमंत्री ने कहा कि शासनादेश होते ही हर घोषणा जल्द धरातल पर उतरेगी।