आतंक मचाने वाले तेंदुए को आखिर शिकारी ने मार डाला

रानीखेत (नेटवर्क 10 संवाददाता)। रानीखेत में आतंक का पर्याय बन चुके एक मादा तेंदुए को शिकारी ने मार डाला। इस तेंदुए ने कई मवेशियों को मार डाला था। साथ ही हाल में एक 60 साल के बुजुर्ग को भी अपना निवाला बनाया था।

शूटर आसिफ सैफी ने आखिर इस मादा तेंदुए को ढेर कर दिया। इस तेंदुए ने रविवार को 60 वर्षीय बुजुर्ग को मार डाला था। बृहस्पतिवार देर शाम तेंदुआ घटनास्थल की ओर आ रहा था, इसी बीच शिकारी ने निशाना साधकर उसे ढेर कर दिया। मादा तेंदुए की उम्र 11 से 12 साल के बीच बताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद विभाग ने तेंदुए को आदमखोर घोषित किया और उसे मारने की अनुमति भी प्राप्त कर ली। इधर, आदमखोर को मार गिराने के लिए बिजनौर के शिकारी से संपर्क साधा गया। रेंजर हरीश टम्टा ने बताया कि शिकारी आसिफ सैफी पूरी टीम के साथ बुधवार की रात 12 बजे पहुंचे। रात्रि दो बजे वहां गश्त की गई, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चल पाया। इसी बीच जिस स्थान पर तेंदुए ने बुजुर्ग को मार डाला था, वहीं पर एक गाय को भी मार डाला।

रेंजर ने बताया कि घटना स्थल से 15 मीटर पीछे वहां एक ग्रामीण की छत पर मचान बनाया गया। बृहस्पतिवार की देर रात तेंदुआ ऊपरी रास्ते से घटना स्थल की ओर आ रहा था, इसी बीच शिकारी आसिफ सैफी ने एक गोली में तेंदुए को ढेर कर दिया। आज तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *